असम में नई सरकार की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दिया इस्तीफा

By RhinoTimes

Updated On:

Date:

असम में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी स्थित लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह कदम उठाया गया है।

मीडिया से बातचीत में डॉ. सरमा ने बताया कि राज्यपाल ने मंत्रिपरिषद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और मौजूदा विधानसभा को भंग कर दिया है। साथ ही नई सरकार बनने तक वर्तमान सरकार को कार्यवाहक सरकार के रूप में काम जारी रखने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद हो सकता है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया है।

अगले मुख्यमंत्री को लेकर डॉ. सरमा ने कहा कि भाजपा विधायक दल अपने नेता का चुनाव करेगा। इसके बाद नया मुख्यमंत्री मंत्रिपरिषद का गठन करेगा। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं और फैसला होने के बाद एनडीए राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।

इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने विधानसभा चुनाव के आधिकारिक नतीजे राज्यपाल को सौंपे और नव निर्वाचित विधायकों की सूची भी उन्हें दी।

Leave a Comment